ब्यूरो/अमर उजाला/ विकासनगर।
तहसील अंतर्गत शिलामू गांव के खेड़ा डागूरा में करंट की चपेट में आने से एक बच्चा बुरी तरह झुलस गया। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आनन-फानन में परिजन उसे देहरादून स्थित महंत इंदिरेश अस्पताल ले गए, जहां उसका इलाज चल रहा है।
जानकारी के अनुसार गांव निवासी ध्यानू का आठ वर्षीय पुत्र असमित बीते मंगलवार की शाम को अपने दोस्तों के साथ घर के पास ही खेल रहा था। खेल-खेल में वह पेड़ पर चढ़ गया। वह पेड़ से पत्तियां तोड़ने लगा। इस दौरान पेड़ की टहनियां पास से गुजर रही बिजली की लाइन से टच हो गई। इससे असमित बुरी तरह झुलस कर नीचे जा गिरा। धमाके की आवाज सुनते ही आसपास के लोग मौके की ओर दौड़ पड़े। उन्होंने घटना की जानकारी बच्चे के परिजनों को दी। मौके पर पहुंचे परिजन उसे आनन-फानन में निजी वाहन से महंत इंदिरेश अस्पताल ले गए। हादसे में असमित का मुंह, हाथ और पैर झुलस गए हैं।
वहीं भाजपा जनजाति मोर्चा के प्रदेश मंत्री सरदार चौहान ने बताया कि विभागीय उदासीनता के चलते ही क्षेत्र में आए दिन करंट की चपेट में आकर लोग हादसों का शिकार हो रहे हैं। इससे पहले बीते सोमवार को भी कटापत्थर क्षेत्र में हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से किशोरी और रिसाणू गांव में एक नेपाली मूल की व्यक्ति की मौत हो चुकी है।
मामले की गंभीरता को देखता हुए जेई से रिपोर्ट मांगी गई है। परिजनों को विभागीय नियमानुसार मुआवजा दिया जाएगा।
- एसके गुप्ता, अधिशासी अभियंता, यूपीसीएल