ब्यूरो/ऋषिकेश। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान एम्स ऋषिकेश और संजय गांधी स्नातकोत्तर संस्थान, लखनऊ के बीच शुक्रवार को शैक्षणिक और रिसर्च कार्य के लिए एमओयू साइन किया गया। इसके अंतर्गत दोनों संस्थान एक दूसरे के शैक्षणिक कार्यक्रमों में अपने छात्रों को शामिल कर सकेंगे। साथ ही रिसर्च के अनुभव साझा करेंगे। एम्स प्रशासन की ओर से बताया गया कि संस्थान व संजय गांधी स्नातकोत्तर संस्थान लखनऊ के मध्य दस वर्ष के लिए करार हुआ। एसजीपीजीआई लखनऊ में हुए एमओयू के तहत दोनों संस्थान एक दूसरे के शैक्षणिक कार्यक्रमों में अपने छात्रों को भेज सकेंगे, साथ ही रिसर्च के अनुभव साझा करेंगे।
एक ओर संजय गांधी स्नातकोत्तर संस्थान सिर्फ स्नातक, स्नातकोत्तर शैक्षणिक कार्यक्रम संचालित करता है, वहीं एम्स ऋषिकेश में इस वर्ष पोस्ट ग्रेजुएशन व सुपर स्पेशलिटी के कई प्रोग्राम शुरू किए गए हैं। इनमें एमसीएच और डीएम के कार्यक्रम शामिल हैं। एमओयू में एम्स की ओर से निदेशक प्रोफेसर डॉ. रवि कांत व संजय गांधी स्नातकोत्तर संस्थान की ओर से निदेशक प्रोफेसर राकेश कपूर ने हस्ताक्षर किए। एम्स के जनसंपर्क अधिकारी हरीश थपलियाल ने उम्मीद जताई कि इस करार से दोनों संस्थान अपने यहां उपलब्ध विभिन्न संसाधनों व बौद्धिक संपदा का लाभ उठा सकेंगे।