ब्यूरो/ऋषिकेश। विद्युत वितरण खंड ऋषिकेश ने बिजली के बकाएदारों के खिलाफ चलाए जा रहे वसूली अभियान के तहत चार लाख 26 हजार के 18 बकाएदारों के बिजली के कनेक्शन काटे। अभियान के तहत बिजली के बिलों का भुगतान नहीं करने वाले उपभोक्ताओं से 11.50 लाख की राजस्व वसूली की गई। विद्युत वितरण खंड ऋषिकेश के अंतर्गत शैल विहार, रायवाला व श्यामपुर उपखंड में बिजली बिलों के बकाएदारों के खिलाफ अभियान चलाया गया।
विद्युत वितरण उपखंड श्यामपुर के सहायक अभियंता महेंद्र कुमार ने बताया कि 1 मार्च से बिजली के बकाएदारों से बकाया वसूली के लिए अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत विद्युत वितरण उपखंड ऋषिकेश, शैलविहार व रायवाला उपखंड के डेढ़ सौ बकाएदारों से 15 लाख 94 हजार के 150 की राजस्व वसूली के लिए चलाए गए अभियान में 4 लाख, 26 हजार के 18 बकाएदारों के कनेक्शन काटे गए। जबकि 132 बकाएदारों से 11 लाख, 68 हजार के बकाए की वसूली की गई। उन्होंने बताया बकाएदारों से वसूली के लिए अभियान को और तेज किया जाएगा।