ब्यूरो/ऋषिकेश। जल संस्थान ऋषिकेश ने पानी के बिलों का भुगतान नहीं करने वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ अभियान चलाते हुए 15 कनेक्शन काटे। अभियान के तहत बकाएदारों से जल कर के अवशेष साढ़े नौ लाख रुपये की वसूली की गई। बृहस्पतिवार को जल संस्थान कर्मियों का शांतिनगर, बनखंडी, आवास विकास कॉलोनी, मीरानगर, बापूग्राम, गीता नगर आदि स्थानों पर पानी के बकाएदारों के खिलाफ जल कर को लेकर अभियान जारी रहा। जलकल अभियंता एवीएस रावत ने बताया कि पानी के बिलों के बकाएदारों से भुगतान को लेकर शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत बृहस्पतिवार को 15 बकाएदारों के कनेक्शन काटे गए। पेयजल बिलों के बकाया को लेकर कार्रवाई करते हुए साढ़े नौ लाख रुपये की राजस्व वसूली की गई। उन्होंने बताया कि बकाएदारों से अवशेष जल कर वसूली के लिए माह अंत तक अभियान जारी रहेगा।