ब्यूरो/अमर उजाला/विकासनगर।
सिंचाई विभाग कर्मचारी महासंघ की डाकपत्थर स्थित निरीक्षण भवन में आयोजित बैठक में परियोजना क्षेत्र डाकपत्थर की विभिन्न समस्याओं पर विचार-विमर्श किया गया। सिंचाई विभाग के रिक्त आवासों पर अवैध रूप से काबिज लोगों को हटाने की मांग की गई। मांग के समर्थन में अवस्थापना खंड के अधिशासी अभियंता को ज्ञापन भी भेजा गया।
अध्यक्ष वीर सिंह शाही ने कहा कि परियोजना क्षेत्र डाकपत्थर में सिंचाई विभाग के रिक्त आवासों पर कई बाहरी लोगों ने अवैध रूप से कब्जा किया हुआ है। अधिकारी वरिष्ठता को ध्यान में न रख मनमर्जी से अपने चहेतों को आवास आवंटन कर रहे हैं। कहा जल्द ही त्यूनी, प्लासू और आराकोट जल विद्युत परियोजनाओं का निर्माण शुरू होना है। जिसके निर्माण का जिम्मा सिंचाई निर्माण निगम को सौंपा गया है। ऐसे में सिंचाई विभाग के रिक्त आवासों को जल विद्युत निगम को हस्तांतरित न किया जाए। उन्होंने पांच वर्ष से अधिक की अवधि से कॉलोनी में रह रहे सेवानिवृत्त कर्मचारियों के आवासों को रिक्त कराने की मांग की। कहा यदि विभाग मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं करता तो महासंघ को आंदोलन के लिए बाध्य होना पड़ेगा। बैठक में सचिव अमर सिंह खुर्चयाल, सुरेंद्र त्यागी, अनिल उनियाल, जवाहर सिंह, कुलदीप शर्मा, एसएस पुंडीर, अरविंद धीमान आदि मौजूद रहे।