ब्यूरो/अमर उजाला/ऋषिकेश।
नगर निगम ऋषिकेश के चुनाव प्रभारी बनाए गए शिक्षा मंत्री अरविंद पांडे ने शुक्रवार को भाजपा कार्यकर्ताओं की क्लास लगाई। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं को पार्टी के निर्णय के अनुरूप कार्य करने की नसीहत दी और आमजन की समस्याओं के निस्तारण को लेकर गंभीर रहने की बात कही।
रेलवे रोड स्थित पार्टी कार्यालय में शुक्रवार को शिक्षा मंत्री अरविंद पांडे ने कहा कि ऋषिकेश सीट पर पिछले 17 साल से भाजपा का सूखा है। इसे इस बार के चुनाव में समाप्त करना है। भाजपा ऋषिकेश में जनमुद्दों पर चुनाव लड़ेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से फोटो खिंचवाने की बजाय धरातल पर आमजन की समस्याओं को उठाने व उनके निस्तारण को लेकर गंभीर होने की बात कही। मंत्री ने संगठन सर्वोपरी है, लिहाजा संगठन के फैसले के अनुरूप ही काम करें। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं से स्थानीय मुद्दों पर फीडबैक भी लिया। साथ ही अभी से चुनाव तैयारियों में जुटने के लिए कार्यकर्ताओं का आह्वान किया। इस मौके पर भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष कुसुम कंडवाल, जिलाध्यक्ष शमशेर सिंह पुंडीर, अरुण मित्तल, संजय शास्त्री, पंकज शर्मा, भगतराम कोठारी, इंद्रकुमार गोदवानी, चेतन शर्मा, प्रदीप धस्माना, सुदेश कंडवाल, केके सिंघल, जितेंद्र अग्रवाल, सरोज डिमरी, अनीता बहल, राजकुमारी जुगरान, कविता शाह आदि मौजूद रहे।