श्रीनगर। ऑल वेदर रोड परियोजना के तहत चौड़ीकरण के लिए ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर 15-20 दिन के लिए ट्रैफिक रोकने की कोई योजना नहीं है। राष्ट्रीय राजमार्ग को बंद करने की कोरी अफवाह है। आप बेधड़क इस मार्ग पर आवाजाही कर सकते हैं। चौड़ीकरण का कार्य कर रही एजेंसियों ने हालांकि रात के वक्त काम करने की इच्छा जाहिर की थी, लेकिन लोनिवि राष्ट्रीय राजमार्ग खंड ने साफ कर दिया है कि जब रात के वक्त काम करने लायक पर्याप्त संसाधन होंगे, तभी यह संभव हो पाएगा।
वर्तमान में ऋषिकेश से श्रीनगर के बीच बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग का चौड़ीकरण कार्य चल रहा है। अभी ऐसे स्थानों में हिल कटिंग हो रही है, जहां आवाजाही लायक स्थान है या आधा-एक घंटे ट्रैफिक रुक रहा है। इसके बाद व्यासी से देवप्रयाग के बीच ऐसे स्थानों में कटिंग होनी हैं, जहां खड़ी चट्टानें हैं। यहां पहाड़ी काटने के बाद कुछ घंटों के लिए यातायात रुकने की संभावना है। वहीं इस बीच टिहरी पुलिस ने सख्त रुख दिखाते हुए रात में वाहनों की आवाजाही पर पाबंदी लगा दी है। रोड कटिंग कार्य कर रही एजेंसियों ने लोनिवि राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिकारियों को सुझाव दिया था कि रात में ट्रैफिक बंद होने पर वह रात आठ बजे से सुबह चार बजे तक बिना रुकावट के काम कर सकते हैं।
इस बीच सोशल मीडिया पर पोस्ट वायरल हो गई कि 2 से 20 मार्च तक नेशनल हाइवे बंद रहेगा। ट्रैफिक मलेथा व देवप्रयाग से टिहरी को डायवर्ट हो जाएगा, जिसके चलते लोग परेशान हो गए। पोस्ट के वायरल होने के बाद से अधिकारी भी जवाब देते थक गए है कि रोड पर यातायात बंद नहीं किया जा रहा है।
क्या कहते हैं अधिकारी
हमने न तो रोड बंद की है और न ही कोई योजना है। एजेंसियों ने रात के वक्त काम करने की अनुमति मांगी थी, जिस पर उनको कहा गया था कि यदि उनके पास रात के लायक पर्याप्त संसाधन है, तो रात में काम करने पर विचार हो सकता है। सोशल मीडिया पर कुछ लोग सड़क बंद होने की अफवाह फैला रहे हैं।
-जितेंद्र त्रिपाठी, अधिशासी अभियंता, लोनिवि, राष्ट्रीय राजमार्ग खंड श्रीनगर