गोपेश्वर। दिल्ली के जवाहर लाल नेहरू खेल स्टेडियम में खेलो इंडिया खेलो 2018 के तहत आयोजित राष्ट्रीय स्तर की वॉक रेस में चमोली के खिलाड़ियों ने परचम लहराया। परमजीत ने 5000 मीटर की वॉक रेस में और 3000 मीटर की वॉक रेस में मानसी ने गोल्ड मेडल जीता है।
परमजीत और मानसी के कोच गोपाल सिंह बिष्ट ने बताया कि परमजीत भी देश के अव्वल वॉक रेसर मनीष रावत के पदचिह्नों पर चल रहा है। परमजीत ने पांच हजार मीटर की वॉक रेस 21 मिनट 19 सेकंड में पूरी कर कीर्तिमान बनाया, जबकि मानसी ने 3000 मीटर की वॉक रेस 14 मिनट 44 सेकेंड में पूरी की। चमोली के मुख्य शिक्षा अधिकारी ललित मोहन चमोला, जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) आशुतोष भंडारी और खेल समन्वयक केसी पंत ने कहा कि परमजीत और मानसी ने राज्य का गौरव बढ़ाया है। इन खिलाड़ियों को शिक्षा विभाग सम्मानित भी करेगा।