गोपेश्वर। चमोली में चल रहे बिजली लाइन के सुधारीकरण कार्य से ब्लॉक कार्यालय में कार्य बाधित होने लगे हैं। लाइन के सुधारीकरण कार्य के कारण पांच दिनों से बिजली सप्लाई दिन के समय ठप रहती है। ब्लॉक और तहसील में कोई वैकल्पिक व्यवस्था भी नहीं है। ऐसे में विभागीय कार्यों के लिए यहां पहुंच रहे ग्रामीणों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
चमोली कस्बे में इन दिनों ऊर्जा निगम की ओर से बिजली लाइनों का सुधारीकरण कार्य किया जा रहा है, जिससे यहां प्रतिदिन सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक बिजली आपूर्ति बंद रहती है। ऐसे में ब्लॉक और तहसील कार्यालयों में ऑनलाइन कार्य बाधित हो रहे हैं। हटसारी गांव निवासी नरेंद्र पोखरियाल का कहना है कि चार दिनों से लगातार भूमि संबंधित दस्तावेज लेने के लिए ब्लॉक मुख्यालय आ रहे हैं, लेकिन बिजली न होने के कारण बैरंग लौटना पड़ रहा है। सतेंद्र सिंह, पवित्रा देवी और सतेश्वरी देवी विभिन्न प्रमाणपत्र लेने के लिए ब्लॉक मुख्यालय पहुंचे थे लेकिन काम नहीं हो पाया। इधर, सीडीओ विनोद गोस्वामी का कहना है कि ब्लॉक मुख्यालय में बिजली की वैकल्पिक व्यवस्था के लिए अधिकारियों को प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही ऊर्जा निगम को भी शीघ्र कार्य पूरा कर सुचारु बिजली आपूर्ति के लिए कहा गया है। जल्द ही व्यवस्थाएं सुचारु कर ली जाएंगी।