श्रीनगर। नगर सहित आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता की मुहिम चलाने वाले ब्रांड एंबेसडर (नगर पालिका) डा. बीपी नैथानी का प्रयास रंग लाया है। पुलिस की ओर से जीजीआईसी मार्ग पर वर्षों से खड़े वाहनों को हटा दिया गया है।
पुलिस की ओर से विभिन्न मामालों में सीज वाहनों को कोतवाली के पास जीजीआईसी मार्ग के किनारे पार्क किया गया था, जिससे सड़क संकरी होने के साथ ही लोगों के लिए कूड़ा फेंकने का अड्डा भी बनी थी। समस्या को लेकर डा. बीपी नैथानी ने चेतावनी दी थी कि अगर मार्ग से वाहन और गंदगी नहीं हटाई गई तो वह कोतवाली के सम्मुख धरना प्रदर्शन करेंगे। डा. नैथानी की चेतावनी के बाद हरकत में आई पुलिस ने सोमवार रात को सड़क से सीज वाहनों को हटाकर अपने परिसर में पार्क कर दिया। नैथानी ने कहा कि सड़कों पर गंदगी और कूड़ा फैलाने वालों के खिलाफ मुहिम जारी रखी जाएगी।