गोपेश्वर। जिला सभागार में आयोजित जन शिकायत निवारण शिविर में नगर की 12 शिकायतें दर्ज की गईं। 12 शिकायतों में से डीएम ने पांच का मौके पर ही निस्तारण किया, जबकि अन्य सात शिकायतों के समय से निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए।
जिला प्रशासन की ओर से आयोजित जन शिकायत निवारण शिविर में गोपेश्वर निवासी देवेंद्र बिष्ट, बलवंत फरसवाण, वीरेंद्र कठैत और मनवर सिंह ने चमोली-गोपेश्वर हाईवे के सुधारीकरण और मुख्य बाजार में स्पीड ब्रेक बनाने की मांग उठाई। इस पर कार्रवाई के लिए डीएम ने लोनिवि की एनएच इकाई के अधिकारियों को निर्देश दिए। वहीं कोठियालसैंण निवासी मनोज बिष्ट ने मोहल्ले में गुजरने वाले ड्रेनेज नाले के सुधारीकरण की मांग उठाई। इस पर सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने वित्तीय स्वीकृति मिलते ही सुधारीकरण की बात कही। जिला पंचायत सदस्य भागीरथी कुंजवाल ने देवर-खडोरा में क्षतिग्रस्त पैदल मार्ग की शिकायत दर्ज की तो नैग्वाड लीसा बैंड निवासी होरी लाल ने मोहल्ले में कुछ लोगों की ओर से सार्वजनिक पैदल मार्ग बंद करने की शिकायत की। इस पर डीएम ने उप जिलाधिकारी को जांच कर कार्रवाई के आदेश दिए। डीएम ने सभी अधिकारियों को शिविर में दर्ज शिकायतों का समय से समाधान करने के निर्देश दिए। इस मौके पर पुलिस अधीक्षक तृप्ती भट्ट के साथ सभी विभागीय अधिकारी मौजूद थे।