स्वलीनता गंभीर विकासात्मक विकार : मेहरा
ब्यूरो/अमर उजाला
देहरादून। विश्व स्वलीनता जागरूकता दिवस पर मुनीषाभा सेवा सदन एवं पुनर्वास संस्थान, दून डिफ्रेंटली एबल ट्रस्ट, उत्तराखंड ब्लाइंड स्पोर्ट्स एसोसिएशन, उत्तराखंड डैफ वेलफेयर एसोसिएशन, उत्तराखंड दिव्यांग सशक्तीकरण एसोसिएशन की ओर से आयोजित जागरूक अभियान में स्वलीनता ग्रसित बच्चों को पुनर्वास के लिए जागरूक किया गया।
अभियान का उद्देश्य स्वलीनता ग्रसित बच्चों को शिक्षा से एवं पुनर्वास से जोड़ना रहा। इस मौके पर सभा को संबोधित करते हुए अनंत प्रकाश मेहरा ने कहा कि स्वलीनता एक गंभीर विकासात्मक विकार है जो संवाद और बातचीत करने की क्षमता को बाधित करता है। वहीं, निरुपमा सूद और उमेश ग्रोवर ने कहा कि इस दिवस पर हम सभी को एक शपथ के साथ वर्ल्ड ऑटीज्म डे को मनाना चाहिए। ऑटीज्म से पीड़ित महिलाओं एवं लड़कियों के सशक्तीकरण की ओर विशेष ध्यान देना चाहिए। डॉ. मुनीष चंद्र मेहरा ने कहा कि समाज में तमाम तरह की जो अवधारणाएं हैं उन अवधारणाओं से अलग हटकर हमें इन बच्चों के विकास के बारे में सोचना चाहिए। इस अवसर पर रमेश सिंह पटवाल, भानु प्रताप चौहान, रूपा प्रजापति, आर्यन कंडवाल, कपिल त्यागी, रणदीप अग्रवाल, विपिन तिवारी, अरुण उनियाल, अमर सिंह, प्रवीण कुमार, डॉ. राजपाल गोयल, अमन कुमार, अमित नेगी, मोहित कुमार, विनोद गुप्ता आदि मौजूद रहे।