श्रीनगर। गढ़वाल प्रीमियर लीग (जीपीएल) क्रिकेट प्रतियोगिता का खिताब लगातार दूसरी बार चमोली रॉयल्स ले गई। रोमांचक फाइनल मैच में चमोली रॉयल्स ने श्रीनगर स्मेशर्स के हाथों से जीत छीन ली।
रविवार रात जीआईएंडटीआई मैदान में जीपीएल-सीजन-2 क्रिकेट प्रतियोगिता का शुभारंभ जिलाधिकारी मंगेश घिल्डियाल ने किया, जबकि मैक्स इंस्टीट्यूट श्रीनगर के निदेशक जितेंद्र धीर व कोतवाल श्रीनगर एनएस बिष्ट ने विजेता एवं उपविजेता टीम को पुरस्कृत किया। फाइनल मुकाबले में गत वर्ष की विजेता चमोली ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवरों में 3 विकेट खोकर 146 रन बनाए। चमोली के बल्लेबाज विपिन ढाका ने 2 छक्कों और 6 चौकों की मदद से 56 रनों की पारी खेली। श्रीनगर के गेंदबाज शुभम चौधरी ने 2 विकेट झटके। श्रीनगर की टीम 129 रनों पर आउट हो गई। मैन ऑफ द सीरीज बने बाबू लोहार भी सस्ते में आउट हो गए। चमोली के गेंदबाज सेेंकी ने तीन व सचिन ने दो विकेट लिए। जीपीएल क्रिकेट प्रतियोगिता के अध्यक्ष गिरीश पैन्यूली ने बताया कि जल्द राष्ट्रीय स्तर की फुटबाल प्रतियोगिता करवाने पर मंथन चल रहा है। इस मौके पर कमेटी के अध्यक्ष गिरीश पैन्यूली, सचिव कुलवीर उनियाल, बबलू भंडारी, महेश गिरी, नीरज रावत, नलिन रावत, आनंद, ललित बिष्ट आदि मौजूद थे। मैच का आंखों देखा हाल जयदीप भट्ट ने सुनाया।
पुरुस्कार विजेता
मैन आफ द मैच- विपिन ढाका
मैन आफ द सीरीज बाबू लोहार (262 रन व 8 विकेट)
बेस्ट बल्लेबाज भानु प्रताप (170 रन)
बेस्ट गेंदबाज मंयक मिश्रा (16 विकेट)