देवप्रयाग। नए साल के आगमन की खुशी में जहां विभिन्न स्थानों में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन हुआ। वहीं देवप्रयाग में स्थानीय लोगों व बाहर से आए श्रद्धालुओं ने रघुनाथ मंदिर मेें चल रही महापूजा में भाग लिया।
रघुनाथ मंदिर में पौष माह की महापूजा चल रही है। नए साल पर भगवान का आशीर्वाद लेने तड़के से ही बच्चों, महिलाओं व बुजुर्गों की कतार मंदिर के बाहर लग गई। इस मौके पर पुजारी पंडित सोमनाथ भट्ट ने भगवान रघुनाथ का शृंगार किया। मंदिर में पर्याप्त जगह न होने पर श्रद्धालुओं ने ठंड में बाहर खड़े होकर महापूजा का गायन किया। प्रसाद के तौर पर बंटने वाले खिचड़ी प्रसाद लेने के लिए श्रद्धालुओं का काफी देर इंतजार करना पड़ा। महापूजा के दौरान बदरीनाथ धाम के तीर्थपुरोहितों ने भगवान से देश व समाज की सुख, समृद्धि व शांति की विशेष प्रार्थना की।