श्रीनगर। विकास खंड कीर्तिनगर के अंतर्गत राजकीय इंटर कॉलेज जखंड में आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस मौके राष्ट्रीय, राज्य व जिला स्तरीय खेल स्पर्धाओं में प्रतिभाग करने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया गया।
स्व. भूदेव लखेड़ा जीआईसी जखंड में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ क्षेत्रीय विधायक विनोद कंडारी ने किया। अंडर-14 राष्ट्रीय बालिका कबड्डी स्पर्धा में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करने वाली कक्षा 9 की छात्रा प्रतिभा को ट्राफी देकर सम्मानित किया गया। इसके अलावा राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने वाली अंजली, आना व शिवानी और जिला स्तरीय स्पर्धा के प्रतिभागी कर्णवीर व स्वाति को विधायक कंडारी के हाथों सम्मानित किया गया। विधायक कंडारी ने विद्यालय में फर्नीचर के लिए ढाई लाख रुपये देने की घोषणा की। इस मौके पर प्रधानाचार्य डा. वाईएस नेगी, एसएस रावत, के पाल, ओपी भट्ट, ओम प्रकाश बडोनी, जयंती उनियाल, गीता चौहान, विनीता कलूड़ा, मान सिंह सरियाल व मातबर रावत आदि मौजूद थे।