जोशीमठ। औली में नए साल के पहले दिन हुई बर्फबारी अंतरराष्ट्रीय स्कीइंग प्रतियोगिता के आयोजन के लिए सौगात लेकर आई है। बर्फबारी का यह सिलसिला एक दिन भी और जारी रहा तो स्कीइंग प्रतियोगिता के लिए कृत्रिम बर्फ बनाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। सोमवार को देर शाम तक औली में बर्फबारी होती रही और यहां करीब तीन इंच बर्फ जम गई है।
औली में आगामी 15 से 21 जनवरी तक अंतरराष्ट्रीय स्कीइंग प्रतियोगिता होनी है। इसके लिए शासन-प्रशासन की ओर से तैयारियां की जा रही हैं। आयोजन के लिए औली स्लोप पर एक सप्ताह से विदेशी टेक्नीशियनों की ओर से कृत्रिम बर्फ बनाने का काम शुरू किया जा रहा था, लेकिन उचित तापमान और नमी न मिलने से बर्फ नहीं बन पा रही थी। शासन-प्रशासन भी अब बर्फबारी के लिए मौसम पर निगाहें टिकाए हुए थे। औली रोपवे प्रबंधक दिनेश भट्ट का कहना है कि औली में बर्फबारी होने से अब स्कीइंग प्रतियोगिता का भव्य आयोजन हो सकेगा। रातभर बर्फबारी होने के बाद औली स्लोप पूरी तरह बर्फ से ढक जाएगा, जो स्कीइंग के लिए बेहतर होगा। वहीं डीएम आशीष जोशी का कहना है कि बर्फबारी नहीं होने से चिंता बढ़ गई थी। अब औली में बर्फबारी होने से यह चिंता भी दूर हो गई है। लोनिवि के अधिकारियों को जोशीमठ-औली मोटर मार्ग को चाक-चौबंद रखने के निर्देश दे दिए गए हैं।