श्रीनगर। अदिति न्यास की ओर से आयोजित राज्य स्तरीय मांगल गीत प्रतियोगिता में रविवार को पौड़ी की दो और श्रीनगर की एक मांगल टीम ने फाइनल में प्रवेश किया। अब तक 9 टीमें फाइनल में पहुंच चुकी हैं। सोमवार और मंगलवार को 3-3 टीमों का फाइनल के लिए चयन किया जाएगा। 20 दिसंबर को सभी 15 टीमें फाइनल मुकाबले में भिड़ेंगी।
रविवार को मांगल गीत प्रतियोगिता में 10 टीमों ने हिस्सा लिया। निर्णायक मंडल में शामिल प्रो. डीआर पुरोहित, मनोज थापा और लता तिवाड़ी ने फाइनल के लिए जय धारी मांग मांगल समिति पौड़ी, शहरी एवं ग्रामीण विकास समिति पौड़ी और शिव भैरव मांगल समिति श्रीनगर का चयन किया।
15 दिसंबर से शुरू हुई मांगल गीत प्रतियोगिता में अब तक नौ टीमें फाइनल मेें प्रवेश कर चुकी हैं। 19 दिसंबर तक फाइनल प्रतियोगिता के लिए 3-3 टीमों का चयन किया जाएगा।
इस मौके पर रुद्रप्रयाग से आए कवि ओम प्रकाश सेमवाल और रंगकर्मी प्रेम मोहन डोभाल ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि मांगल गीत उत्तराखंड की संस्कृति से जुड़े हुए हैं। अदिति न्यास के सचिव गिरीश पैन्यूली मांगल गीत प्रतियोगिता आयोजित कर सराहनीय कार्य कर रहे हैं। इस अवसर पर हास्य कवि जगदंबा चमोला, अनूप बहुगुणा, प्रशांत कैंतुरा, दीपक उनियाल व दुर्गा प्रसाद भट्ट आदि मौजूद थे। कार्यक्रम का संचालन डा. संजय पांडे ने किया।