श्रीनगर। गढ़वाल विवि प्रशासन ने टीईटी परीक्षार्थियों को राहत दी है। टीईटी परीक्षार्थियों के लिए गढ़वाल विवि 15 व 16 दिसंबर को आयोजित होने वाली सेमेस्टर परीक्षाएं बाद में अलग से आयोजित कराएगा। इसके लिए टीईटी परीक्षार्थियों को 30 दिसंबर तक अपना टीईटी प्रवेश पत्र की छाया प्रति के साथ परीक्षा नियंत्रक कार्यालय को आवेदन करना होगा। विवि से संबद्ध कालेजों को भी ऐसे छात्रों की सूची विवि प्रशासन को उपलब्ध करानी होगी।
राज्य भर में 15 दिसंबर को शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) आयोजित होनी है। जबकि वर्तमान में गढ़वाल विवि सेमेस्टर परीक्षाएं भी संचालित हो रही हैं। टीईटी व गढ़वाल विवि की सेमेस्टर परीक्षाओं की तिथि एक ही दिन होने से अधिकांश टीईटी परीक्षार्थी असमंजस की स्थिति में थे। बिड़ला परिसर छात्र संघ अध्यक्ष प्रदीप पंवार ने गढ़वाल विवि प्रशासन ने सेमेस्टर परीक्षा कार्यक्रम में बदलाव किए जाने की मांग की थी। पंवार का कहना था कि टीईटी परीक्षा के कारण अधिकांश छात्र 15 व 16 दिसंबर को आयोजित होने वाली सेमेस्टर परीक्षा से वंचित हो रहे हैं। छात्र संघ अध्यक्ष की पहल पर गढ़वाल विवि प्रशासन ने ऐसे छात्रों को राहत दी है। अब टीईटी परीक्षा में शामिल होने वाले छात्र 15 व 16 दिसंबर को आयोजित होने वाली सेमेस्टर परीक्षा बाद में दे सकेंगे। इसके लिए छात्रों को अपना टीईटी परीक्षा प्रवेश पत्र के साथ 30 दिसंबर तक गढ़वाल विवि के परीक्षा नियंत्रक कार्यालय में आवेदन करना होगा। इन छात्रों के लिए विवि अलग से सेमेस्टर परीक्षा आयोजित करेगा। विवि से संबद्ध कालेजों को भी ऐसे छात्रों की सूची विवि प्रशासन को भेजनी होगी।
राजीव