श्रीनगर। शिक्षकों की ओर से राजकीय शिक्षक संघ के नवनिर्वाचित प्रांतीय अध्यक्ष कमल किशोर डिमरी का अभिनंदन किया गया। इस मौके पर कार्यक्रम के मुख्य अतिथि देवप्रयाग के विधायक विनोद कंडारी को तबादला विधेयक में आरडीएसईएम (राजकीय दुर्गम-सुगम एकता मंच) के सुझावों को शामिल कराने पर सम्मानित किया गया।
रविवार को एक वेडिंग प्वाइंट में शिक्षकों की ओर से अभिनंदन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर शिक्षकों ने तबादला विधेयक पारित होने पर सरकार का आभार जताया। कहा गया कि इससे सभी शिक्षकों को न्याय मिलेगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक कंडारी ने शिक्षकों से बेहतर शैक्षणिक माहौल बनाने में मदद करने की अपील की। कहा कि वह हमेशा शिक्षक हित मे उनके संघर्ष में सहयोग करेंगे।
इस मौके पर बताया गया कि तबादला एक्ट प्रवर समिति के सदस्य के रूप में विधायक कंडारी ने आरडीएसईएम के सुझावों को शामिल कराया। इसके लिए शिक्षक जगत उनका आभार जताया। इसके लिए शिक्षक संघ के अध्यक्ष डमरी ने उन्हें स्मृति चिह्न भेंट किया।
इस अवसर पर विशिष्ठ अतिथि अदिति न्यास के सचिव गिरीश पैन्यूली, राजकीय जूनियर हाइस्कूल संघ के महेश गिरी, नरेश जमलोकी, महेंद्र चौहान, गजेंद्र चौहान, प्रदीप भंडारी, पंकज भट्ट व विक्रम भंडारी सहित रुद्रप्रयाग, चमोली, टिहरी व पौड़ी जिलों से आए शिक्षक मौजूद थे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता खिर्सू ब्लॉक अध्यक्ष मनोज काला ने की। जबकि राकेश मोहन कंडारी, अनिल सेंदवाल और बृजमोहन सजवाण ने संयुक्त रूप से संचालन किया।