श्रीनगर। गढ़वाल विवि में प्री-पीएचडी के लिए आरक्षित वर्ग की रिक्त सीटों पर प्रवेश के लिए कमेटी गठित की गई है। कमेटी की रिपोर्ट के आधार पर इन रिक्त सीटों पर प्रवेश के लिए निर्णय लिया जाएगा।
बृहस्पतिवार को गढ़वाल विवि के कुलपति प्रो. जेएल कौल ने सभी स्कूलों के डींस की बैठक ली। बैठक में मौजूद स्कूल ऑफ कामर्स के डींस प्रो. आरसी डंगवाल ने बताया कि बैठक में विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई। मुख्य रूप से विभिन्न विभागों में प्री-पीएचडी की आरक्षित वर्ग की रिक्त सीटों पर प्रवेश के लिए चर्चा की गई। अधिकांश विषयों में प्री-पीएचडी की आरक्षित वर्ग की सीटें रिक्त हैं। इन सीटों पर क्वालीफाई अभ्यर्थियों ने प्रवेश नहीं लिया है। प्रो. डंगवाल ने बताया कि आरक्षित वर्ग की रिक्त सीटों पर प्रवेश के लिए कमेटी का गठन किया गया है। कमेटी की रिपोर्ट के आधार पर इन सीटों पर प्रवेश के लिए निर्णय लिया जाएगा। कमेटी जल्द ही रिपोर्ट कुलपति को सौंपेगी। इसके अलावा बैठक में परीक्षा, प्रयोगशालाओं की स्थिति आदि मुद्दों पर भी चर्चा की गई। बैठक में प्रति कुलपति प्रो. डीएस नेगी, प्रभारी कुलसचिव एके मोहंती व विवि के 11 स्कूलों के डींस मौजूद थे।
बेवजह न लटकाएं फाइलों को
कुलपति प्रो. कौल ने किसी भी फाइल को बेवजह न लटकाने के निर्देश जारी किए। कुलपति प्रो. कौल ने कहा कि किसी भी टेबल पर फाइल (मामला) के पहुंचते ही उसका निस्तारण किया जाए। बेवजह किसी फाइल को लटकाए जाने की स्थिति में संबंधित कर्मी पर कार्रवाई की जाएगी।