श्रीनगर। शहर की आबादी को देखते हुए श्रीनगर के सीवर प्लांट को अपग्रेड करने की आवश्यकता है। शहर में पहुंचे पेयजल मंत्री प्रकाश पंत ने अलकनंदा किनारे संचालित हो रहे सीवर प्लांट के निरीक्षण के बाद यह बात कही।
उन्होंने कहा कि जल्द ही पूरे शहर में सीवर लाइन बिछाने का कार्य पूरा कर दिया जाएगा। इसके लिए उन्होंने पालिका और जल संस्थान को आपसी समन्वय बनाने के निर्देश भी दिए। मंगलवार को पेयजल मंत्री प्रकाश पंत ने शहर के सीवेज प्लांट का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्लांट की प्रयोगशालाओं सहित अन्य प्रणालियों का बारीकी से निरीक्षण किया। पंत ने कहा कि श्रीनगर शहर की आबादी को देखते हुए इसे अपग्रेड किए जाने की आवश्यकता है। पंत ने कहा कि नमामि गंगे के तहत 34 प्रोजेक्ट बनाए जाएंगे। इसमें सीवर लाइन और गंदे नालों को टेप करने की योजना है, पेयजल मंत्री ने कहा कि रुद्रप्रयाग, पौड़ी और चमोली जिलों को दिए गए बजट को समय पर खर्च करने के निर्देश दिए हैं, जबकि गांवों एवं बस्तियों में समय पर पेयजल योजनाएं बनाने के निर्देश विभागीय अधिकारियों को दिए हैं। निरीक्षण के दौरान भाजपा नेता अजेंद्र अजय, जल संस्थान के मुख्य महाप्रबंधक एसके गुप्ता, महाप्रबंधक जेआर गुप्ता, डीके सिंह, जल निगम के एमडी भजन सिंह, वाईके मिश्रा, सुरेश पाल, महेंद्र सिंह, ईई सतेन्द्र कुमार गुप्ता, जेई सोहन जठूड़ी आदि मौजूद थे।