गोपेश्वर। जिला अस्पताल में अव्यवस्थाओं के चलते मरीजों और तीमारदारों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। यहां अस्पताल में दो सप्ताह से अल्ट्रासाउंड मशीन खराब पड़ी है। वहीं प्रसूति गृह और अन्य विभागों में अव्यवस्थाओं का अंबार लगा है। ऐसे में मरीजों को इलाज के लिए बाहरी क्षेत्रों का रुख करना पड़ रहा है।
गोपीनाथ समग्र विकास समिति के अध्यक्ष सतेंद्र सिंह, राकेश मैठाणी, मनमोहन सिंह और मनोज बिष्ट का कहना है कि जिला अस्पताल में बीते दो सप्ताह से अल्ट्रासाउंड मशीन खराब पड़ी है। गॉयनोक्लॅजिस्ट के न होने से गर्भवती महिलाओं को डिलिवरी के लिए रेफर किया जा रहा है। इधर, मुख्य चिकित्साधीक्षक डा. विराज शाह का कहना है कि जिला अस्पताल में अल्ट्रासाउंड मशीन के सुधारीकरण की प्रक्रिया चल रही है। गायनोकोलॉजिस्ट की तैनाती के लिए उच्चाधिकारियों को पत्र भेजा गया है।