गोपेश्वर। चारधाम यात्रा व्यवस्था में जिले के विभिन्न स्थानों पर तैनात सौ पीआरडी जवानों को जिला युवा कल्याण विभाग ने बाहर कर दिया है। विभाग की ओर से बजट की कमी का हवाला दिया गया है। वहीं, बाहर किए गए जवानों ने जिला प्रशासन से अन्यत्र विभागों में तैनाती देने की मांग उठाई।
पीआरडी स्वयं सेवक संगठन के जिलाध्यक्ष रामानंद भट्ट और मीडिया प्रभारी बलवंत सिंह राणा का कहना है कि चार धाम यात्रा शुरू होने के साथ ही प्रांतीय रक्षक दल की ओर से जिले में सौ प्रशिक्षित पीआरडी जवानों को पुलिस ड्यूटी में तैनात किया गया। अब जब चार धाम यात्रा समाप्ति की ओर है तो जवानों को सेवामुक्त कर दिया गया है। इससे उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। संगठन ने जिला प्रशासन से जवानों को अन्यत्र विभागों और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए तैनाती देने की मांग उठाई। जवानों ने चेतावनी दी यदि शीघ्र सेवा बहाल नहीं की गई तो 11 नवंबर से जिला मुख्यालय पर आंदोलन किया जाएगा। इधर, युवा कल्याण अधिकारी गणेश थपलियाल का कहना है कि पुलिस ड्यूटी में तैनात जवानों को बजट के अभाव में 31 अक्तूबर से सेवा मुक्त कर दिया गया है। शासन से शीतकालीन यात्रा के लिए बजट की मांग की गई है। बजट मिलने पर जवानों को दोबारा तैनाती दी जाएगी।