थराली। देवाल और थराली के 60 से अधिक गांवों को गढ़वाल और कुमाऊं से जोड़ने वाला ग्वालदम-खम्पाधार-चिड़िगा मल्ला मोटर मार्ग पांच माह से बंद है। ग्रामीणों को सात किमी के बजाय वाया थराली 35 किमी के फेर से ग्वालदम पहुंचना पड़ रहा है। इसके लिए लोगों को एक से डेढ़ हजार तक रुपये गाड़ी बुकिंग के लिए देने पड़ रहे हैं।
मई माह में हुई बारिश में प्राथमिक विद्यालय चिड़िगा मल्ला के नीचे मलबा आ गया था। तब से यह सड़क यातायात के लिए बंद है। नालियों का निर्माण नहीं होने से पानी से कई जगह सड़क क्षतिग्रस्त पड़ी है। सड़क खुलवाने को ग्रामीणों से लेकर जनप्रतिनिधियों द्वारा विभाग को कई बार अवगत कराया गया लेकिन लोक निर्माण विभाग ने अभी तक सड़क ठीक नहीं की है। इस सड़क से ग्वालदम और चिड़िगा मल्ला की तीन हजार से अधिक आबादी सड़क मार्ग से जुड़ती है, साथ ही देवाल और थराली के कई गांवों का कुमाऊं को जाने का मार्ग भी यही है। जिला पंचायत सदस्य भावना रावत का कहना है कि वे कई बार लोक निर्माण विभाग से सड़क खोलने की मांग की गई, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। एक, दो दिन जेसीबी मशीन आई भी तो कीचड़ का बहाना बनाकर वापस चली गई। ग्वालदम के गोपाल सिंह, पूरन सिंह, राजेन्द्र सिंह, चिड़िगा के कमल सिंह नवीन जोशी आदि का कहना है कि क्षेत्रीय जनता के लंबे संघर्ष के बाद इस सड़क का निर्माण हुआ है लेकिन सड़क के अधिकतर समय बंद रहने से इसका लाभ नहीं मिल पा रहा है। अब एक हफ्ते में सड़क ठीक नहीं कराई गई तो जनांदोलन होगा। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता विजय कुमार ने इस संबंध में पूछे जाने पर कहा कि सड़क की मरम्मत के लिए धनराशि उपलब्ध नहीं है। सड़क को अस्थायी तौर पर खोल दिया जाएगा।