घाट (चमोली)। जिला प्रशासन के निर्देश पर सोमवार को घाट ब्लॉक मुख्यालय पर भूकंप जैसी आपदा से होने वाली क्षति को कम करने के लिए मॉकड्रिल अभ्यास किया गया। सुबह साढ़े दस बजे घाट क्षेत्र में भूकंप के तेज झटके (काल्पनिक) महसूस किए गए। इसके बाद आपदा के लिए गठित तहसील स्तरीय टीम ने आपदा में हुए नुकसान से निपटने के लिए योजना बनाई और रेस्क्यू ऑपरेशन किया। इस दौरान रेस्क्यू टीमों ने खोज एवं बचाव कार्य में तत्परता दिखाई।
भूकंप से ग्राम फाली की सीमा क्षेत्र में स्थित खाद्यान्न गोदाम में भीषण आग लगने से 12 लोगों के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना मिली। जिसके बाद पुलिस व अन्य अधिकारी व कर्मचारियों की टीम ने रेस्क्यू आपरेशन चलाया। आपदा प्रबंधन अधिकारी नंद किशोर जोशी ने बताया कि 17 को पोखरी, 24 को थराली, 25 को चमोली तथा 27 को कर्णप्रयाग में तहसील स्तरीय भूकंप से संबंधित मॉकड्रिल अभ्यास किया जाएगा।