गोपेश्वर/रुद्रप्रयाग। प्रसिद्ध उद्योगपति मुकेश अंबानी ने धनतेरस से एक दिन पहले सोमवार को बदरीनाथ और केदानाथ धाम में धन वर्षा की। उन्होंने ने बदरीनाथ और केदारनाथ धामों में अगले वर्ष की यात्रा की व्यवस्थाओं के लिए 2.44 करोड़ रुपये बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) को दिए। इसमें से 1.51 करोड़ रुपये 2018 की यात्रा के दौरान चंदन और केसर के लिए, 71 लाख रुपये भगवान बदरीनाथ के सोने के मुकुट के लिए और 22 लाख रुपये धामों में अन्य व्यवस्थाओं के लिए उन्होंने दिए हैं।
मुकेश अंबानी सोमवार को सुबह साढ़े नौ बजे हेलीकॉप्टर से बदरीनाथ पहुंचे। उन्होंने करीब आधे घंटे तक बदरीनाथ धाम में वेद पाठ में भाग लिया। इसके बाद वह बदरीनाथ थाने के समीप नवनिर्मित भवन के शिलान्यास के लिए गए। मुकेश अंबानी ने गत वर्ष अप्रैल में बदरीनाथ धाम में गरीब तीर्थयात्रियों के लिए रात्रि विश्राम के लिए 49 लाख रुपये की लागत से अपने बड़े बेटे हरि अनंत के नाम पर एक भवन बनवाया था। इस भवन का नाम आनंद आश्रय रखा गया है। सोमवार को शिलान्यास के बाद आनंद आश्रय को विधिवत रूप से बीकेटीसी के सुपुर्द कर दिया गया।
मुकेश अंबानी ने आश्रय के संचालन का जिम्मा भी बीकेटीसी को सौंपा है। अनंत आश्रय में सौ तीर्थयात्रियों के विश्राम के लिए हॉल, दो कमरे, एक किचन और डॉरमेटरी है। करीब दो घंटे तक बदरीनाथ में बिताने के बाद सुबह करीब ग्यारह बजे मुकेश केदारनाथ रवाना हो गए।
वह प्रात: 11.09 बजे बदरीनाथ धाम से केदारनाथ वीआईपी हेलीपैड पर पहुंचे। यहां से वह निम की एटीवी से मंदिर पहुंचे। इसके बाद बाबा केदार के दर्शन के लिए मंदिर के गर्भगृह में प्रवेश किया। करीब 20 मिनट तक पूजा-अर्चना की और बाबा का अभिषेक किया। इसके उपरांत वे मंदिर से बाहर आए जहां, बीकेटीसी के मुख्य कार्यधिकारी बीडी सिंह ने मंदिर समिति की ओर से अंबानी का माल्यार्पण कर स्वागत किया।
यहां मुकेश अंबानी ने कहा कि वह बदरी-केदार में जरूरी व्यवस्थाओं में निरंतर सहयोग करते रहेंगे। इस अवसर पर मंदिर समिति ने उन्हें बाबा केदार का प्रसाद और रुद्राक्ष की माला भी उन्हें भेंट की। बता दें कि आईपीएल में मुंबई इंडियन के चैंपियन बनने पर अंबानी ने केदारनाथ धाम में केसर और चंदन के लिए 60 लाख रुपये दिए थे। इससे पूर्व जियो की सफलता पर भी उन्होंने समिति को इतनी ही धनराशि भेंट की थी।
इधर, बीकेटीसी के सीओ बीडी सिंह ने बताया कि रिलायंस प्रमुख ने आगामी यात्रा में भगवान केदारनाथ के महाभिषेक और मंदिर की साज-सज्जा के लिए सहयोग की बात कही है। वह धाम में गेस्ट हाउस का निर्माण भी करेंगे, जिसका जल्द निर्माण किया जाएगा। बताया कि श्रीबदरीनाथ व केदारनाथ में रावल, पुजारियों और चंदन-टीका वितरण के लिए काउंटर निर्माण के लिए भी अंबानी को प्रस्ताव भेजा जाएगा।
पाठक की जमकर प्रशंसा की
रुद्रप्रयाग। केदारनाथ पुलिस चौकी इंचार्ज बिपिन चंद्र पाठक की मुकेश अंबानी ने जमकर प्रशंसा की। धाम पहुंचने पर अंबानी ने पाठक के बारे में जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने पाठक को बुलाया और कुछ देर बातचीत की। वापसी में भी वीआईपी-हेलीपैड पर उन्होंने पाठक से कहा कि वे जल्द उनके लिए क्रिकेट किट और बैटमिंटन किट भेजेंगे। अंबानी ने कहा कि धाम में पुलिस द्वारा सुरक्षा और व्यवस्थाओं में जो सहयोग किया जा रहा है, वह प्रशंसनीय है।