घाट (चमोली)। जिलाधिकारी और जिला आबकारी विभाग के निर्देशन में सोमवार को आबकारी विभाग की टीम ने सितेल बाजार में एक दुकान से दस पेटी अंग्रेजी शराब बरामद की है। साथ ही दुकानदार को गिरफ्तार कर लिया है।
आबकारी विभाग को लंबे समय से सितेल में दुकानदार राजेंद्र सिंह द्वारा अंग्रेजी शराब की अवैध बिक्री की शिकायतें मिल रही थी, जिस पर सोमवार को सुबह चार बजे आबकारी इंस्पेक्टर नरेंद्र सिंह के नेतृत्व में टीम सितेल बाजार पहुंची। सुबह करीब छह बजे टीम ने राजेंद्र की दुकान में छापेमारी की तो यहां से करीब दस पेटी (117 बोतल) शराब बरामद हुई। शराब को सील किया गया और दुकानदार राजेंद्र को आबकारी अधिनियम के तहत गिरफ्तार कर मौके पर ही जमानत दे दी गई। टीम में सब इंस्पेक्टर लालू राम, नरेंद्र सिंह, सिपाही रविंद्र, सतेंद्र व कमलेश मौजूद थे।