श्रीनगर। समाधान (सेल्फ मोटिवेटेड डवलपमेंट ऑफ द नेशन) संस्था के संस्थापक व गढ़वाल विवि के चौरास परिसर निदेशक प्रो. दिनेश सकलानी की पहल पर छात्रों, शिक्षकों और कर्मचारियों ने सफाई अभियान चलाया। इस दौरान लगभग प्लास्टिक-पॉलीथिन कचरे के 75 बोरे एकत्रित किए गए। विवि के कुलपति प्रो. जेएल कौल ने भी मौके पर पहुंचकर अभियान की सराहना की।
रविवार को चौरास परिसर में समाधान के बैनर तले व्यापक सफाई अभियान चलाया। इसमें विवि के 70 छात्र-छात्राओं, 15 कर्मचारियों और 5 शिक्षकों ने स्वच्छ एवं सुंदर परिसर बनाने का संकल्प लेते हुए सुबह 7 बजे से साढ़े नौ बजे तक सफाई की। उन्होंने परिसर के मुख्य मार्गों, 25 विभागों व महिला छात्रावासों के सम्मुख रद्दी कागज, प्लास्टिक व पॉलीथिन कचरा एकत्रित किया। प्रो. सकलानी ने बताया कि कचरे को गड्ढों में रखा गया है। जिसका निस्तारण नगर पालिका के सहयोग से किया जाएगा। इस मौके पर डॉ. आशुतोष गुप्ता, सहायक अभियंता नरेश खंडूड़ी, सतीश थपलियाल, मोहन नैथानी, जयदीप नेगी व विजयपाल भंडारी आदि मौजूद थे।