श्रीनगर। गोला बाजार में पटाखों की अस्थायी दुकान लगाने के मामले मेें रविवार को भी गतिरोध खत्म नहीं हुआ। पटाखा विक्रेताओं ने कोतवाल से मिलकर दुकान लगाने के मामले में रियायत देने की मांग की। पटाखा विक्रेताओं ने विरोध में गोला बाजार में सांकेतिक प्रदर्शन भी की।
वहीं कोतवाल ने साफ कर दिया कि सुरक्षा कारणों से पटाखों की दुकान गोला बाजार में नहीं लगाई जा सकेंगी। थोक विक्रेता को भी अगर रिटेल में पटाखे बेचने हो, तो वह भी रामलीला मैदान में जाएगा। शहर के गोला बाजार में हर साल दीपावली के मौके पर अस्थायी रुप से पटाखों की दुकान लगती है। इसके लिए नगर पालिका फड़ की बोली लगाती है। पटाखा व्यवसायी यहां पटाखों की दुकान लगाते हैं, लेकिन इस बार पुलिस-प्रशासन ने रामलीला मैदान में दुकान लगाने के लिए कहा है। पटाखा विक्रेताओं का कहना है कि समय काफी कम रह गया है। अगर उन्होंने रामलीला मैदान मेें दुकान लगा भी दी, तो वहां कोई नहीं आएगा। क्योंकि जिनकी बाजार में स्थायी दुकानें हैं, ग्राहक वहीं से ले जाएंगे। इस पर कोतवाल एनएस बिष्ट ने कहा कि बाजार में किसी को पटाखे नहीं बेचने दिए जाएंगे। जो बेचेगा रामलीला मैदान में ही बेचेगा। अगर कोई पकड़ा गया, तो उसके विरुद्ध विस्फोटक वस्तु अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी।