अमर उजाला ब्यूरो
हरिद्वार। ऋषिकुल एवं गुरुकुल परिसर में स्वपोषित सीटों पर प्रवेश लेकर एमडी के प्रशिक्षुओं को 10 महीने से मानदेय नहीं मिला है। मानदेय की मांग को लेकर एमडी के प्रशिक्षुओं ने कुलपति के नाम ऋषिकुल परिसर निदेशक को ज्ञापन सौंपते हुए सोमवार से हड़ताल करने की चेतावनी दी है।
शनिवार को एमडी की स्वपोषित सीटों पर प्रवेश लेकर पढ़ाई एवं प्रशिक्षण कर रहे प्रशिक्षु ऋषिकुल परिसर के निर्देशक प्रो. सुनील जोशी से मिले। उन्होंने अपनी मांग उठाते हुए कहा कि शिक्षण सत्र शुरू हुए पूरे 10 महीने हो गए है, लेकिन उनके मानदेय देने के लिए कोई प्रक्रिया नहीं हो पायी है, जबकि वे मरीजों के इलाज के साथ अन्य कार्यों में पूरा सहयोग करते आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि उनकी फीस में अन्य छात्रों के मुकाबले में भारी अंतर है। एक ही विभाग में इस तरह का व्यवहार होने पर उनका शोषण किया जा रहा है। उन्होंने अब सोमवार से कार्य छोड़कर हड़ताल पर जाने का निर्णय लिया है। ज्ञापन सौंपने वालों में मुकेेश रानी, इस्पिता पांडेय, निशांत, निधि, सोनी, वैष्णो गुप्ता, ज्योत्सना अवस्थी, केतन मंगवाल, स्वीटी राना, विशाल गांधी आदि शामिल हुए। ऋषिकुल निदेशक प्रो. सुनील जोशी ने उनकी समस्या पर कुलपति को अवगत कराने का आश्वासन दिया।