श्रीनगर। गढ़वाल विवि के तीनों परिसरों में शोध छात्र अब सप्ताह में मात्र 6 घंटे ही क्लास पढ़ा सकेंगे। नियमित शिक्षकों के बजाय शोध छात्र से क्लास पढ़वाए जाने पर छात्रों ने कुलपति के समक्ष एतराज जताया था। विवि प्रशासन ने छात्रों की मांग पर लाइब्रेरी का समय भी बढ़ाया है।
बृहस्पतिवार को गढ़वाल विवि के कुलपति प्रो. जेएल कौल ने विभागाध्यक्षों के साथ बैठक आयोजित कर छात्रों की विभिन्न समस्याओं पर चर्चा की। बैठक में बिड़ला परिसर छात्र संघ अध्यक्ष प्रदीप पंवार व सचिव देवकांत देवराड़ी भी मौजूद रहे। डिप्टी डीएसडब्ल्यू प्रो. सुरेखा डंगवाल ने बताया कि बैठक में लाइब्रेरी में पुस्तकों की कमी, लाइब्रेरी का समय, कक्षाओं में सुविधाओं सहित अन्य कई मुद्दों पर चर्चा की गई। मेंटेनेंस विभाग को कक्षाओं में सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के लिए निर्देश दिए गए हैं। प्रो. सुरेखा डंगवाल ने कहा कि छात्र लंबे समय से नियमित शिक्षकों के बजाय शोध छात्रों से कक्षाएं पढ़वाए जाने की शिकायत कर रहे थे। बैठक में स्पष्ट किया गया कि शोध छात्र एक सप्ताह में केवल 6 घंटे ही क्लास पढ़ाएगा। जो कि यूजीसी के मानकों के तहत भी निर्धारित है। शोध छात्र से 6 घंटे से अधिक क्लास पढ़वाना नियम विरुद्ध है। प्रो. डंगवाल ने बताया कि छात्रों की मांग पर लाइब्ररी का टाइम बढ़ा दिया गया है। साथ ही छात्रों को अब पुस्तकालय से 3 के स्थान पर 5 किताबें आवंटित की जाएंगी। बैठक में डीएसडब्ल्यू प्रो. जेपी पचौरी, प्रो. एचसी नैनवाल, डा. आरएस नेगी आदि मौजूद थे।