श्रीनगर। एमएड सत्र 15-17 के छात्रों ने गढ़वाल विवि प्रशासन पर मानसिक उत्पीड़न का आरोप लगाया है। छात्रों का कहना है कि पाठ्यक्रम के दो वर्ष पूरे होने को है, लेकिन अभी तक उनके द्वितीय सेमेस्टर का परीक्षा परिणाम घोषित नहीं किया गया है। विवि प्रशासन की उदासीनता के चलते दो वर्ष का पाठ्यक्रम समय पर पूरा नहीं हो पाएगा।
बुधवार को एमएड सत्र 2015-17 के छात्र अपनी समस्या लेकर प्रशासनिक भवन स्थित कुलपति कार्यालय पहुंचे। हालांकि कुलपति प्रो. जेएल कौल के कार्यालय में न होने से छात्र कुलपति को अपनी समस्या नहीं बता पाए। एमएड 2015-17 के छात्रों का कहना था कि वह प्रशासनिक भवन के कई चक्कर काट चुके हैं, लेकिन मई में हुई द्वितीय सेमेस्टर की परीक्षा का परिणाम अभी तक घोषित नहीं किया गया है। जबकि तृतीय सेमेस्टर परीक्षा कब होगी, इसका भी कोई पता नहीं है। छात्रों का कहना था कि प्रथम सेमेस्टर की परीक्षा का परिणाम भी विवि प्रशासन ने 9 माह बाद घोषित किया था। कहना है कि विवि प्रशासन की लापरवाही के चलते उनका द्विवर्षीय पाठ्यक्रम समय पर पूरा नहीं हो पाएगा। छात्रों ने इसी माह में तृतीय सेमेस्टर की परीक्षा आयोजित नहीं कराने पर कुलपति कार्यालय के समक्ष धरना प्रदर्शन किए जाने की चेतावनी दी है। वहीं गढ़वाल विवि प्रशासन का कहना है कि तृतीय सेमेस्टर का परीक्षा कार्यक्रम जल्द घोषित कर दिया जाएगा।