अमर उजाला ब्यूरो
हरिद्वार।
अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी संकाय में शुक्रवार को इंजीनियर्स-डे धूमधाम से मनाया गया। विवि के कुलसचिव प्रो. विनोद कुुमार शर्मा ने छात्रों को संकाय में पहुंचकर इंजीनियर्स डे की बधाई दी। कुलसचिव ने छात्रों को अच्छा इंजीनियर बनने के साथ ही अच्छा व्यक्तित्व भी विकसित करने व गुरुकुल के मूल्यों को आत्मसात करने के लिए प्रोत्साहित किया।
कार्यक्रम में अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी संकाय के डीन डा. सुनील पंवार ने भारत रत्न सर एम विश्वेश्वरैया के जीवन पर प्रकाश डाला। बताया कि एम विश्वेश्वरैया के जन्म दिवस पर इंजीनियर्स-डे मनाया जाता है। विश्वेश्वरैया का जन्म मैसूर (कर्नाटक) के कोलार जिले के चिक्काबल्लापुर तालुक में 15 सितंबर 1861 को तेलुगु परिवार में हुआ था। कंप्यूटर साइंस एवं इंजीनियरिंग विभाग के सुयश भारद्वाज ने बताया कि विभाग के निशांत कुमार के निर्देशन में छात्रों द्वारा बनाए गए ऑनलाइन क्विज सॉफ्टवेयर पर जरनल नॉलेज क्विज कंपटीशन का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। जिसमें संकाय के छात्रों ने भाग लिया। इस कंपटीशन में कंप्यूटर साइंस एवं इंजीनियरिंग विभाग के छात्र जपनीत सिंह को प्रथम पुरस्कार के रूप में दस हजार रुपये दिए गए। वर्कशॉप में ऐराइज डाटा के डायरेक्टर विवेक चौधरी व पूर्व में ऑरेकल कंपनी में कार्य कर चुके मोहित कौशिक ने विचार रखे। इस अवसर पर विभाग के डा. नमित खंडूजा, डा. मुकेशचंद, डा. अगम गोयल, देवानंद जोशी, ओमवीर, चंदर राणा आदि उपस्थित रहे।