अमर उजाला ब्यूरो
हरिद्वार।
भेल की हीप इकाई के महाप्रबंधक संजय गुलाटी ने कहा कि कारोबार के रूप में हिंदी ने अब इतनी बड़ी ताकत हासिल कर ली है कि विश्व बाजार में वह महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है ।
भेल में हिंदी दिवस के उपलक्ष्य में स्वर्ण जयंती सभागार में प्रतियोगिता और पुरस्कार वितरण समारोह के अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि महाप्रबंधक संजय गुल्हाटी ने कहा कि डिजिटल दुनिया में भी हिंदी की मांग बढ़ रही है। उन्होनें संविधान की मूल भावना के अनुरूप सरकारी कामकाज हिंदी में करने की अपील की ।
विशिष्ठ अतिथि राजीव मेहरा ने कहा कि हिंदी जैसी सरल भाषा को यदि हम अपने कामकाज की भाषा बनाएं तो यह हमारे देश की उन्नति की वाहक बन सकती है। मानव संसाधन विभाग के प्रबंधक एसके अग्रवाल ने अतिथियों और पुरस्कार विजेताओं का स्वागत करते हुए इकाई में वर्षभर आयोजित राजभाषा कार्यान्वयन संबंधी गतिविधियों की सविस्तार जानकारी दी। इस अवसर पर विद्या मंदिर सीनियर सेकेंडरी स्कूल सेक्टर पांच की बालिकाओं ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। हिंदी नाटिका ‘मेरे सपनों की भाषा ने सबका मन मोहा। इस दौरान भेल की विभिन्न इकाइयों के अधिकारी और कर्मचारियों के साथ ही विद्यालयों में बच्चों की ओर से आयोजित की गई विभिन्न हिंदी प्रतियोगिताओं और प्रोत्साहन योजनाओं के विजेताओं सहित कुल 142 प्रमाणपत्र और स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया ।
समारोह में अपर महाप्रबंधक पीके श्रीवास्तव ने धन्यवाद ज्ञापित किया। इस मोके पर भेल के कई अधिकारी, महाप्रबंधक कर्मचारी यूनियन और एसोसिएशन के प्रतिनिधि, स्कूली बच्चे तथा उनके अभिभावक मौजूद रही।
हिंदी के व्यापक प्रचार-प्रसार पर दिया जोर
हरिद्वार। एसएमजेएन पीजी कालेज में हिंदी दिवस के उपलक्ष्य में हिंदी विभाग की ओर से साहित्यिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। हर्षि, हूमा खान, साक्षी, काजल रानी, पल्लवी शर्मा, अमिता पांडेय, चंद्रशेखर, विवेक कुमार, अनीता आदि छात्र-छात्राओं ने हिंदी कविता और गीत प्रस्तुत किए। प्राचार्य डा. सुनील कुुमार बत्रा ने कहा कि हिंदी हमारी राष्ट्रभाषा है। उन्होंने कहा कि सबको हिंदी का प्रयोग अपनी बोलचाल और सरकारी कामकाज में करना चाहिए। उन्होंने छात्र-छात्राओं से हिंदी के व्यापक प्रचार-प्रसार जोर दिया।
मुख्य अनुशासन अधिकारी डा. सरस्वती पाठक ने छात्र-छात्राओं को हिंदी के महत्व के बारे में बताया। डा. आशा शर्मा ने कहा कि हिंदी भाषा सबसे सरल और महत्वपूर्ण है। इस अवसर पर विनय थपलियाल, डा. सुषमा नयाल, किरण असवाल, नीलम रमोला, मोहन चंद्र पांडेय, छात्रसंघ अध्यक्ष गौरव वर्मा सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।