कर्णप्रयाग। बारिश से रानीगढ़ पट्टी की लाइफ लाइन कहा जाने वाला गौचर-सिदोली मार्ग भूस्खलन से कई स्थानों पर जानलेवा बना है। एडीबी की ओर से मार्ग को दुरुस्त करने के प्रयास नहीं किए जा रहे हैं।
क्षेत्र पंचायत सदस्य प्रभा देवली, ग्राम प्रधान देवल रेखा देवी, पंकज देवली, प्रेम देवली और रमेश चंद्र सिदोला लखपत चौधरी आदि ने बताया कि 27 जुलाई को हुई भारी बारिश से गौचर-सिदोली मार्ग श्रीकोट और जलगांव में बंद हो गया था। तब विभाग ने आनन-फानन में यहां मार्ग खुलवाया और वाहनों की आवाजाही करवाई, लेकिन तब से क्षेत्र के दर्जनों गांवों के ग्रामीणों को आवाजाही में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने चेतावनी दी यदि जल्द मार्ग के डेंजर जोनों को व्यवस्थित नहीं किया गया तो आंदोलन के लिए बाध्य होना पड़ेगा। एडीबी के अधिशासी अभियंता दीपक कुमार ने बताया कि विभाग की ओर से गौचर-सिदोली मोटर मार्ग के क्षतिग्रस्त जोनों को व्यवस्थित करने के लिए भेजे गए ठेकेदार के मजदूरों को वन विभाग के कर्मी काम नहीं करने दे रहे हैं। वहीं वन विभाग धनपुर रेंज के रेंजर विजय लाल ने बताया कि ठेकेदार के मजदूर रिजर्व फारेस्ट की सुरक्षा दीवार को तोड़कर पत्थर निकाल रहे थे, इसलिए विभागीय कर्मियों को भेजकर निर्माण कार्य रुकवा दिया गया है।