वैदनी में बजी मोबाइल फोन की घंटी
वैदनी से यशवंत बडियारी
11004 फीट की ऊंचाई पर मखमली बुग्यालों की सैर को आने वाले पर्यटक अब मोबाइल पर बात कर सकेंगे। वैदनी और आसपास के इलाकों में आने वाले पर्यटक लंबे समय से मोबाइल सेवा शुरू करने की मांग करते आ रहे थे। निजी क्षेत्र की एयरटेल कंपनी ने वर्षों से चली आ रही मांग पर गौर करते हुए यहां देवाल ब्लाक के रड़कधार में मोबाइल टावर लगाया है।
-आकर्षण बने रंग बिरंगे फूल
वैदनी कुंड के पास वन विभाग के प्रयास से करीब तीन सौ मीटर में फैले रंग बिरंगे फूल फूलों की मिनी घाटी जैसा एहसास करा रहे हैं। वन कर्मी नारायण सिंह और त्रिलोक सिंह ने बताया कि यहां वर्मी, जंगली मलेठी, बज्रदंती सहित कई जंगली रंग बिरंगे फूल प्राकृतिक रूप से खिलते हैं, लेकिन इस बार वन विभाग ने तार बाड़ कर इन फूलों को संरक्षित किया है। बुग्यालों के बीच यह रंग-बिरंगे फूल यहां आने वाले पर्यटकों और श्रद्धालुओं के लिए खास आकर्षण बने हुए हैं।
-हेली सेवा शुरू नहीं होने से मायूसी
पिछले तीन वर्षों से लोकजात यात्रा के दौरान लगातार लोहाजंग से वैदनी तक शुरू की गई हेली सेवा के इस बार नहीं होने से लोगों में मायूूूसी भी है। देवाल निवासी महावीर बिष्ट का कहना है कि वर्ष 2014 से 2016 तक यहां सरकार ने लगातार लोहाजंग से वैदनी तक हेली सेवा शुरू की थी, जिससे यहां भारी संख्या में पर्यटक पहुंचे, लेकिन इस बार हेली सेवा अब तक शुरू नहीं हुई है। लोग देवाल के वाण से 13 किमी पैदल चलकर वैदनी तक पहुंच रहे हैं।
-देश-विदेश से पहुंचे पर्यटक
सोमवार को वैदनी में हर साल होने वाली लोक जात यात्रा पहुंचेगी। इस दौरान वैदनी में रूपकुंड महोत्सव का आयोजन होता है, जिसके लिए वैदनी में रविवार को ही घाट, कनोल, सुतोली, घेस, बलाड़, हिमनी, वाण के साथ ही देश के विभिन्न प्रांतों से पर्यटक और विदेशी पर्यटक भी पहुंच चुके हैं। वन विभाग की हट्स में पर्यटकों और श्रद्घालुओं के लिए रात्रि विश्राम की व्यवस्था की गई है, वहीं सामाजिक संस्थाओं ने यहां भंडारे का आयोजन किया गया है।