लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण की मांग
-- यमकेश्वर प्राथमिक व जूनियर शिक्षक संघ की आईडीपीएल में हुई बैठक
अमर उजाला ब्यूरो
श्यामपुर-ऋषिकेश।
पौड़ी जिले के यमकेश्वर ब्लॉक स्थित राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ व जूनियर शिक्षक संघ की संयुक्त बैठक रविवार को नगर के आईडीपीएल स्थित दुर्गा मंदिर में हुई, जिसमें शिक्षकों ने विभिन्न लंबित मुद्दों पर चर्चा की। बैठक में शिक्षक संघ की ओर से कई प्रस्ताव पारित किए गए। इनमें वर्ष 2014 के त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के दौरान शिक्षकों की ईएल सेवा पुस्तिका में अंकित करने, उप शिक्षा अधिकारी कार्यालय में लंबित अवशेष एरियर का शीघ्र भुगतान करने, चयन वेतन व परिवार कल्याण भत्ते का भुगतान, शिक्षकों के अवशेष वेतन का भुगतान और शिक्षकों की आयकर सीडी विधिवत बनाई जाए ताकि शिक्षकों का टीडीएस प्रतिमाह जमा हो सके।
इस दौरान शिक्षकों ने ड्रेस कोड का विरोध किया। कहा कि जब तक लंबित प्रकरणों का समाधान नहीं होगा तब तक इसे स्वीकार नहीं किया जाएगा। आयकर के प्रकरण पर मकान किराया भत्ता व पर्वतीय भत्ता प्रकरण पर दोनों संगठनों ने वकील के माध्यम से विभाग को नोटिस देने का निर्णय लिया है। इस अवसर पर जूनियर शिक्षक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष मेहरबान सिंह, मंत्री गिरीश बडोला, प्राथमिक शिक्षक संघ की मंत्री संतोष राय, कोषाध्यक्ष सुषमा बहुगुणा, रत्ना गौड़, मधु रावत, महिपाल सिंह रावत, ज्योति चिटकारिया, अनुराधा रयाल, दरबान सिंह बिष्ट, चंद्र प्रकाश बैलवाल, अंजना सक्सेना, योगेश्वरी बहुखंडी, ममता रौतेला, विमला रावत आदि मौजूद थे।