पांच सड़कें खुली, 15 अब भी बंद
- भारी बारिश से सड़क पर आया मलबा, यातायात ठप
- मंडी में समय पर नहीं पहुंची फसलें, काश्तकारों को नुकसान
अमर उजाला ब्यूरो
त्यूनी।
भारी बारिश के बीच मलबा आने से बंद जौनसार बावर की 20 सड़कों में से मंगलवार को पांच सड़कों पर यातायात बहाल हो गया। यातायात बहाल होने पर लोगों ने राहत की सांस ली है। अब भी 15 सड़कों पर वाहनों की आवाजाही ठप पड़ी है। इससे 65 गांव का संपर्क अन्य इलाकों से पूरी तरह से कटा हुआ है।
बीते रविवार और सोमवार की सुबह क्षेत्र में हुई झमाझम बारिश के बीच जगह-जगह मलबा आने से 20 सड़कों पर वाहनों की आवाजाही ठप हो गई थी। जिसमें से मंगलवार को दारागाड़-कथियान, कांडा-बृनाड़, कोटी-कनासर, पुरोड़ी-रावना-डामठा और गोराघाटी-मानथात संपर्क मार्ग पर वाहनों की आवाजाही बहाल हो गई। इन सड़कों पर वाहनों की आवाजाही बहाल होने पर 20 गांव की आबादी ने राहत की सांस ली है। अब भी पीपारा-मीनस-बाईला, लांघा-बिन्हार, माख्टी-पोखरी, कथियान-छजाड़-भूट, कोटा-तारली-ऊभरेऊ, हईया-टगरी, धोईरा-देऊ, क्यारापुल-डामठा-कोटा, उत्पाल्टा-ऊभरेऊ, सीलीखड्ड-कुनैन, समरजैंस, खतार, बिजऊ, मीनस-अटाल, हईया-अलसी मोटर मार्ग पर अब भी वाहनों की आवाजाही ठप पड़ी है। इन सड़कों पर वाहनों की आवाजाही ठप होने से फसलें सही समय पर मंडी तक नहीं पहुंच पा रही है। काश्तकारों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।