18 घंटे बाद खुला बदरीनाथ हाईवे
-- पीडब्लूडी ने ब्लास्टिंग कर जेसीबी से हटाई चट्टानें
अमर उजाला ब्यूरो
ऋषिकेश। पहाड़ी दरकने से कौडियाला के समीप अविरुद्ध बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पीडब्लूडी ने बमुश्किल 18 घंटे बाद खोल दिया। कर्मचारियों को हाईवे पर ब्लास्टिंग कर मलबे को हटाना पड़ा, जिसके बाद कहीं जाकर यातायात सुचारु किया गया। बदरीनाथ हाईवे बीते सोमवार सुबह करीब छह बजे कौडियाला के पास अचानक चट्टान टूटने से बंद हो गया था। जिसके चलते मार्ग के दोनों ओर देररात तक सैकड़ों वाहन फंसे रहे। यहां तक कि पुलिस को पर्वतीय रूटों के वाहनों को नरेंद्रनगर, देवप्रयाग और कीर्तिनगर से डायवर्ट करना पड़ा। इसी बीच पुलिस और पीडब्लूडी ने जेसीबी के साथ ही ब्लास्टिंग के जरिए मार्ग से भारी चट्टानों को हटाना शुरू किया। सोमवार रात 12 बजे बाद हाईवे पर आवागमन शुरू हुआ। एसडीएम नरेंद्रनगर लक्ष्मीराज चौहान ने बताया कि मार्ग पर अभी भी भारी मात्रा में बोल्डर और मलबा है, जिसे हटाने के लिए वाहनों को रोक-रोककर स्लाइड जोन से गुजारा जा रहा है। बताया कि अब छोटे बड़े सभी वाहन आसानी से आ जा रहे हैं। बताया कि एतिहात के तौर पर पुलिसकर्मियों को भी तैनात किया गया है।
गंगा का जलस्तर चेतावनी निशान के पार
-- प्रशासन ने जारी किया अलर्ट, जलस्तर बढ़ने से तटीय इलाकों में दहशत
अमर उजाला ब्यूरो
ऋषिकेश। पहाड़ों में भारी बारिश से गंगा का प्रवाह मंगलवार को वार्निंग लेवल के पार हो गया। तीर्थनगरी में सुबह 10 बजे गंगा का जलस्तर चेतावनी रेखा 339.50 से सात सेमीमीटर अधिक रहा। उधर, बाढ़ की आशंका के तहत प्रशासन ने तटीय इलाकों में अलर्ट जारी कर लोगों को वहां से सुरक्षित स्थानों पर जाने को कहा है। पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार बारिश के चलते मंगलवार को इस सीजन में पहली बार चेतावनी रेखा को पार कर गई। ऋषिकेश में केंद्रीय जल आयोग के कनिष्ठ सहायक अभियंता विनोद पाल ने बताया कि गंगा के प्रवाह में बीती रात से ही आंशिक बढ़ोतरी शुरू हो गई थी। सुबह जलस्तर में तेजी से बढ़ा। आठ बजे गंगा का प्रवाह वार्निंग लेवल से 10 सेमी. नीचे 339.40 मीटर पर था। नौ बजे गंगा चेतावनी रेखा को पार कर 339.52 मी. पर पहुंची। 10 बजे जलस्तर अधिकतम 339.57 मी. पर बही। इसके बाद गंगा के प्रवाह में कमी दर्ज हुई। 11 बजे जलस्तर 339.53, 12 बजे 339.50, शाम चार बजे 339.41 और छह बजे 339.33 मीटर पर रहा। पाल ने बताया कि फिलहाल पहाड़ों में बारिश थमने से गंगा के जलस्तर में भी कमी आंकी जा रही है। एसडीएम हर गिरि ने चंद्रभागा, चंद्रेश्वरनगर, मायाकुंड आदि तटीय इलाकों में गंगा किनारों से लोगों को सतर्क रहने के साथ ही सुरक्षित स्थानों पर जाने के निर्देश दिए हैं।
गांजे के साथ बाबा गिरफ्तार
ऋषिकेश । मुनिकीरेती पुलिस ने एक बाबा को गांजा पत्ती के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे कोर्ट में पेश कर दिया है। थाना प्रभारी निरीक्षक मनीष उपाध्याय ने बताया कि बीते सोमवार रात भद्रकाली तिराहे से संदिग्ध अवस्था में मंगनानंद सरस्वती चेला रुद्रानंद सरस्वती निवासी जूना अखाड़ा को गिरफ्तार किया गया। बताया कि उससे आठ किलो दो सौ ग्राम गांजा पत्ती बरामद हुई।