श्रीनगर। गोतीर्थाश्रम के समीप संचालित शराब की दुकान के विरोध में जिला पंचायत सदस्य चिलेड़ी राजेश्वरी जोशी ने आमरण अनशन शुरू कर दिया है। महिलाएं चार माह से दुकान के विरोध में आंदोलित हैं।
गोतीर्थाश्रम समिति में आयोजित पत्रकार वार्ता में राजेश्वरी जोशी ने आमरण अनशन पर बैठने की घोषणा की थी। इसके बाद वह आमरण अनशन पर बैठ गईं। आंदोलनकारी समीर रतूड़ी ने बताया कि तीन सूत्री मांगों के लिए आमरण शुरू किया गया है, जिसमें शराब विरोधी आंदोलनकारियों पर दर्ज मुकदमे वापस लेने, श्रीनगर व कीर्तिनगर में पूर्ण शराबबंदी लागू करने व श्रीनगर में शराब की दुकान संचालक संजय पटवाल के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग शामिल हैं। रतूड़ी ने बताया कि संजय पटवाल ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी थी, जिसकी शिकायत पुलिस में भी की गई है, लेकिन पुलिस मुकदमा दर्ज नहीं कर रही है। राजेश्वरी जोशी ने कहा कि जब तक मांग पूरी नहीं हो जाती वह आमरण अनशन नहीं तोड़ेंगी। राजेश्वरी के समर्थन में धरने पर बैठने वालों में प्रेमबल्लभ नैथानी, सुरजी उनियाल और दिनेश पंवार आदि शामिल थे।