40 मिनट तक बच्चों को किया अंगदान के लिए जागरूक
-- गेट ऑफ लाइप एडवेंचर की ओर से श्री भरत मंदिर स्कूल में हुआ कार्यक्रम
अमर उजाला ब्यूरो
ऋषिकेश।
स्कूली बच्चों को अंगदान के प्रति जागरूकता लाने के उद्देश्य से गेट ऑफ लाइफ एडवेंचर की ओर से छात्र-छात्राओं को 40 मिनट तक संबोधित किया गया। संस्था द्वारा सर्वाधिक छात्र-छात्राओं को बारकोट वाले रिस्ट बैंड के स्केन व बच्चों को संबोधन से संबंधित वीडियो फुटेज को गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड के हेडक्वार्टर को भेजा गया।
शुक्रवार को श्रीभरत मंदिर पब्लिक स्कूल में गेट ऑफ लाइफ एडवेंचर की ओर से छात्र-छात्राओं में अंगदान को लेकर जागरूकता लाने के उद्देश्य से कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमें संस्था के अध्यक्ष अनिल श्रीवत्स ने 40 मिनट तक विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राओं को संबोधित किया। उन्होंने बताया कि इससे पहले एक हजार बच्चों को 30 मिनट तक अंगदान के बाबत जागरुक करने का गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में नाम दर्ज है। अंगदान स्पीच को हाई डेफिशन कैमरों से रिकॉर्ड किया गया। साथ ही स्वच्छ भारत ऋषिकेश के ब्रेंड एंबेस्डर रवि शास्त्री व शिवेंद्र ध्यानी को स्वतंत्र पर्यवेक्षक के तौर पर नियुक्त किया गया। बताया गया कि स्पीच के समय को टाइम कीपर प्रवीन कुमार, रचित अग्रवाल ने रिकॉर्ड किया।
इस दौरान अनिल श्रीवत्स ने कहा कि मानव शरीर में बहुत से अंग दो हैं, जिनमें से एक अंग को दान करके भी स्वस्थ जीवन व्यतीत किया जा सकता है। साथ ही उन्होंने कार्यक्रम में मौजूद लोगों को अंग दान करने का संकल्प दिलाया। मौके पर प्रधानाचार्य धीरेंद्र जोशी, डा. सोनम सक्सेना, डा. सीमा सक्सेना, सुजाता श्रीधर, अमित चटर्जी, नीति चोपड़ा, बबीता राणा, मीनाक्षी शर्मा, नर्मदा सेमवाल, ऋतु साही, विनोद रावत, आभा शर्मा, आरुष, सार्थक, जैकब, संगीता नवानी आदि मौजूद थे।