अल्मोड़ा जिले के जीआईसी दूनागिरि में 140 बच्चे बीमार होने से अभिभावकों और स्कूल प्रशासन में हड़कंप मचा हुआ है।
पिछले दो दिनों से वायरल के प्रकोप के चलते यह बच्चे बीमार पड़े हैं। इधर, द्वाराहाट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से डॉक्टरों की टीम ने स्कूल में जाकर बच्चों का परीक्षण किया और दवाइयां बांटी।
डॉक्टरों के अनुसार अब स्थिति कंट्रोल में है। इधर अभिभावकों का कहना है कि डॉक्टरों की टीम ने विद्यालय में सिर्फ दवाइयां बांट दीं, जबकि बच्चों के अन्य परीक्षण होने चाहिए थे। विद्यालय में कुल 186 बच्चे अध्ययनरत हैं।
जीआईसी दूनागिरि में पिछले दो दिनों से बच्चे काफी कम संख्या में स्कूल आ रहे थे। शनिवार को 70 बच्चे अर्जी देकर छुट्टी पर थे। विद्यालय प्रशासन की पहल पर डॉक्टरों की टीम ने विद्यालय में उपस्थित 110 बच्चों के स्वास्थ्य का परीक्षण किया तो 70 बच्चों में वायरल का संक्रमण मिला।