अब 21 को बांटे जाएंगे पहचान पत्र
ब्यूरो/अमर उजाला
देहरादून। निर्वाचन आयोग की ओर से बीते एक सितंबर से 31 अक्तूबर तक चले पुनरीक्षण कार्य के बाद अब 21 जनवरी को नए मतदाताओं को वोटर कार्ड बांटे जाएंगे। पहले इसे चार जनवरी को बांटा जाना था। वहीं, राष्ट्रीय मतदाता दिवस 25 जनवरी से बीएलओ बूथ पर बैठना शुरू कर देंगे। बीएलओ दिव्यांगों के घर जाकर उनके फार्म भरवाएंगे। इसके बाद वोटर आई कार्ड बांटे जाएंगे।
सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी पीएस रावत ने बताया कि आयोग के निर्देश पर बीते एक सितंबर से 31 अक्तूबर तक वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाने और आई कार्ड बनवाने का अभियान चलाया गया था। जिसके बाद नए मतदाताओं को चार जनवरी को वोटर कार्ड दिए जाने थे, लेकिन अब इन्हें 21 जनवरी को बांटा जाएगा। लोकसभा चुनाव तक नए मतदाताओं के वोटर कार्ड बनाने का कार्य जारी रहेगा। इसके साथ ही 25 जनवरी को राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर जिले के सभी 1794 बूथों पर बीएलओ बैठेंगे। उन्होंने बताया कि एक जनवरी 2019 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवा अपना वोटर कार्ड बनवा सकते हैं। वहीं, अगर कोई व्यक्ति दो जनवरी 2019 को 18 साल या इससे अधिक उम्र का होता है तो उसका वोटर कार्ड नहीं बनेगा। कहा कि जल्द ही वोटर कार्ड बनाने के लिए फिर से अभियान शुरू किया जाएगा। दिव्यांगों के भी वोटर कार्ड बनाए जाएंगे। वह फोन पर अपने क्षेत्र के बीएलओ से संपर्क कर उन्हें अपने घर बुला सकते हैं। बीएलओ उनके घर पर जाकर फॉर्म भरवाएगा और वोटर कार्ड बनने के बाद उसे देकर भी आएगा।