देहरादून। फर्जी आरटीओ ई-चालान एप डाउनलोड कराने के बाद साइबर ठगों ने एक व्यक्ति के दो बैंक खातों से यूपीआई के माध्यम से कुल एक लाख 29 हजार रुपये हड़प लिए। पीडि़त की शिकायत पर पटेलनगर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
शिकायतकर्ता ने बताया कि उनके मोबाइल फोन पर एक फर्जी आरटीओ ई-चालान एप की एपीके फाइल भेजी गई थी। एप डाउनलोड करने के बाद यह धोखाधड़ी हुई। पीड़ित ने राष्ट्रीय साइबर क्राइम पोर्टल पर भी ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई है। बताया कि गत नौ फरवरी से 13 फरवरी के बीच अज्ञात व्यक्तियों ने यूपीआई ट्रांजेक्शन के जरिये उनके खातों से 1.29 लाख रुपये निकाल लिए। पीड़ित का कहना है कि उन्होंने किसी के साथ अपना ओटीपी, यूपीआई पिन या बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी साझा नहीं की।
पटेलनगर थाना प्रभारी चंद्रभान अधिकारी ने बताया कि मंगलवार को अज्ञात आरोपियों के खिलाफ आईटी एक्ट सहित अन्य संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा, किसी भी अज्ञात लिंक या एपीके फाइल को डाउनलोड न करें और अपनी बैंकिंग जानकारी किसी के साथ साझा न करें।