किसानों ने जुलूस निकाल किया प्रदर्शन
ब्यूरो/अमर उजाला
देहरादून। गरीब किसानों और खेत मजदूराें के सभी प्रकार के कर्ज माफ करने, गन्ना किसानों का जल्द भुगतान करने समेत कई मांगों को लेकर किसानों ने डीएम कार्यालय पर प्रदर्शन किया। इसके बाद सिटी मजिस्ट्रेट मनुज गोयल के माध्यम से प्रधानमंत्री को ज्ञापन भेजा।
बृहस्पतिवार को अखिल भारतीय किसान सभा के बैनर तले किसानों ने परेड ग्राउंड से जिलाधिकारी कार्यालय तक जुलूस निकाला। कलक्ट्रेट पहुंचकर किसानों ने सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान सभा के जिला अध्यक्ष दलजीत सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार के चार साल पूरे होने के बाद भी किसानों और मजदूरों की मांगों को पूरा नहीं किया गया। परेशान किसान आत्महत्या करने को मजबूर हैं। उन्होंने कहा कि जल्द ही सरकार ने उनकी मांगें पूरी नहीं की तो किसान आंदोलन करेंगे।
वहीं किसानों की भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने पुलिस बल भी मौके पर बुला लिया। तभी एसएसपी निवेदिता कुकरेती भी पहुंच गईं। उन्होंने किसानों से शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात प्रशासन के सामने रखने की अपील की।
सिटी मजिस्ट्रेट मनुज गोयल ने किसानों को आश्वासन देते हुए कहा कि किसानों की मांग को जल्द ही प्रधानमंत्री तक पहुंचा दिया जाएगा। इस दौरान सुंदर थापा, याकूब अली, गंगाधर नौटियाल, बच्चीराम कंसवाल, शिवप्रसाद देवली, राजेंद्र पुरोहित, लेखराज, माला गुरुंग, जगजीत सिंह, पूरण सिंह, सुरजीत सिंह, प्रवीण आदि मौजूद रहे।
ये हैं किसानों की मांगें
किसानों और मजदूरों के कर्ज को माफ करने, पांच हजार रुपये पेंशन देने, गन्ना किसानों का करोड़ों रुपये का जल्द भुगतान करने, जंगली जानवरों से जन सुरक्षा करने, जमीन जोतने वाले के नाम जमीन करने के साथ वनाधिकार लागू किया जाए। फसल बीमा योजना को लागू किया जाए, जिसके तहत आय में घाटा, परिवार का स्वास्थ्य बीमा और पशुओं का बीमा शामिल हो, स्वामीनाथन आयोग की सिफारिशों के अनुसार फसलों की लागत का डेढ़ गुना भाव किसानों को दिया जाए और लागत को घटाया जाए। आदि मांगों को लेकर सभा ने प्रदर्शन कर सरकार के खिलाफ रोष व्यक्त कर जेल भरो आंदोलन किया। एक घंटे कलक्ट्रेट में गिरफ्तारी देने के बाद किसानों को रिहा कर दिया गया।