ब्यूरो/ अमर उजाला, देहरादून
जल संस्थान के अधिकारियों की लापरवाही का खामियाजा ट्रांसपोर्ट नगर की जनता को भुगतना पड़ रहा है। जल संस्थान के बिजली का बकाया जमा न कराने पर बिजली विभाग के नलकूप का कनेक्शन काटे जाने से क्षेत्र में पानी की आपूर्ति ठप है। लोगों का आरोप है कि विभाग के अधिकारी समस्या का समाधान करने की बजाए उनका फोन तक नहीं उठा रहे हैं।
स्थानीय निवासी लवकुश चौधरी, चमन कुमार, प्रशांत सेठी, राजेश अग्रवाल ने बताया कि पिछले पांच दिनों को क्षेत्र में पानी की आपूर्ति ठप है। पानी न आने की जानकारी लेने को जब उन्होंने जल संस्थान के अधिकारियों को फोन किया, तो उन्होंने बिजली का बकाया जमा न होने पर कनेक्शन काटे जाने के कारण पानी की सप्लाई ठप होने की बात कहकर फोन काट दिया। आरोप है कि उसके बाद से कोई अधिकारी फोन उठाने का तैयार नहीं है। बताया कि स्थानीय लोगों, ट्रांसपोर्टरों और चालक, परिचालकों को पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है। बताया कि कई दिनों से ट्रांसपोर्टर चंदा एकत्र कर पानी के टैंकर मंगा रहे हैं। कहा कि जल्द पानी की सप्लाई बहाल न की गई, तो वे जल संस्थान के कार्यालय पर प्रदर्शन करेंगे। वहीं, समस्या के बारे में जल संस्थान के अफसरों से संपर्क करने का प्रयास किया गया, तो उनसे संपर्क नहीं हो पाया। उनका पक्ष आने पर हूबहू प्रकाशित किया जाएगा।