बारात में हर्ष फायरिंग के दौरान एक बालक गोली लगने से अफरातफरी मच गई। आनन-फानन में घायल को स्थानीय अस्पताल पहुंचाया लेकिन, हालत गंभीर होने पर हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। पुलिस वीडियो रिकार्डिंग के आधार पर फरार आरोपियों को चिह्नित करने में जुट गई है।
खानपुर थाना क्षेत्र के करणपुर गांव में शुक्रवार को मांगेराम की बेटी की शादी थी। बारात निरंजपुर गांव से आई थी। जब बारात दुल्हन के घर के द्वार पहुंची तो बाराती बैंड-बाजे पर नाचने लगे। कुछ बाराती खुशी में फायरिंग करने लगे।
इसी बीच एक गोली छत पर खड़े 12 वर्षीय बालक विपुल (पुत्र संजय) की जांघ में लग गई। जैसे ही बारातियों को इसका पता चला तो बैंड-बाजा बंद हो गया।
हायर सेंटर रेफर
घायल बालक को तुरंत स्थानीय अस्पताल ले जाया गया लेकिन, हालत गंभीर होने पर हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। इसी बीच फायरिंग कर रहे बाराती खिसक गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बारात के समय की गई वीडियोग्राफी को अपने कब्जे में लिया है।
घटना के संबंध में अभी तहरीर नहीं दी गई है लेकिन, पुलिस अपने स्तर से मामले की पड़ताल में जुट गई है। उधर, रिश्तेदार समझौते के प्रयास में जुट गए हैं।