ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
क्रिकेट का मान्यता के लिए दिल्ली में 18 जून को होने वाली सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर गठित प्रशासक समिति अधिकारियों और उत्तराखंड की क्रिकेट एसोसिएशनों के पदाधिकारियों की बैठक से पहले खेल मंत्री अरविंद पांडे ने सोमवार को तैयारियों पर चर्चा की। उन्होंने एसोसिएशन के पदाधिकारियों को सभी तरह के दस्तावेज तैयार रखने के निर्देश दिए हैं।
खेल मंत्री अरविंद पांडे ने सोमवार को सचिवालय में क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड और उत्तराखंड क्रिकेट एसोसिएशन के पदाधिकारियों से मुलाकात की। इस दौरान 18 जून को होने वाली बैठक से पहले सभी तरह की तैयारियां पूरी करने संबंधी दिशा-निर्देश दिए। खेल मंत्री अरविंद पांडे ने बताया कि उन्होंने करीब 15-20 दिन पहले व्यक्तिगत रूप से विनोद राय समेत बीसीसीआई के कई अधिकारियों से मुलाकात कर मान्यता संबंधी प्रकरण में अपील की थी। खेल मंत्री ने कहा कि मेरी प्राथमिकता में कोई खेल संघ नहीं बल्कि प्रदेश के खिलाड़ी हैं। मान्यता मामले में 18 जून को बैठक में कोई फैसला नहीं लिया जाना है, लेकिन कुछ दिन में होने वाली बैठक में मान्यता पर फैसला लिया जा सकता है। उन्होंने कहा कि राज्य को मान्यता मिलने के बाद प्रदेश में क्रिकेट दलालों से मुक्त हो जाएगा। बैठक में सीएयू के प्रभारी सचिव महिम वर्मा, यूसीए के रोहित ध्यानी, तनुष क्रिकेट एकेडमी के संजय गुसांई आदि मौजूद रहे।
अगस्त में होगा अफ गानिस्तान-आयरलैंड मुकाबला
खेल मंत्री अरविंद पांडे ने बताया कि अगस्त में अफ गानिस्तान और आयरलैंड के बीच मुकाबले होंगे। इसके बाद न्यूजीलैंड टीम के आने का भी कार्यक्रम है। उन्होंने कहा कि अफ गानिस्तान और बांग्लादेश के बीच होने वाली टी-20 सीरीज बेहद सफ ल रही है। इससे राज्य को बहुत अधिक फ ायदा होगा।