कर्मचारी संगठन भी बनेंगे धाद के ‘हरेला साथी’
ब्यूरो/अमर उजाला
देहरादून। धाद की ओर से आयोजित किए जा रहे एक माह के महोत्सव में कर्मचारी संगठन भी शामिल होंगे। वह अभियान में ‘हरेला साथी’ की भूमिका निभाएंगे, जो अलग-अलग विद्यालय में हरेला अंबेसडर बनाने में सहयोग करेंगे। अमर उजाला इस आयोजन का मीडिया पार्टनर है।
सोमवार को धाद की ओर से राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय, राजीव नगर में हरेला कार्यक्रम का आयोजन किया गया। आयोजन में उत्तरांचल बैंक एंप्लाइज यूनियन के महामंत्री जगमोहन मेंदीरत्ता और देहरादून डिविजन बीमा कर्मचारी संघ के महासचिव चंद्र प्रकाश नैथानी भी शामिल हुए। दोनों कर्मचारी नेताओं ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए पूरे अभियान से जुड़ने की इच्छा जताई। उन्होंने कहा कि कर्मचारी संगठन भी हरेला अभियान से जुड़कर समाज के लिए उपयोगी आयोजनों में सहभागिता करेंगे। इस अवसर पर विद्यालय के दस छात्र-छात्राओं शबनूर, शिवानी पालीवाल, शिवानी, पूजा, मधु, रवीना, गोविंद, सिमरन, संजना और साक्षी को अतिथियों ने हरेला अंबेसडर बनाया। इस अवसर पर धाद लोक कला केंद्र की रीता भंडारी, बिमला नेगी ने सुंदर लोक गीतों और नृत्य की प्रस्तुति दी।
चंद्र प्रकाश नैथानी ने बताया कि उनके संगठन ने धाद के साथ केदारनाथ आपदा में छात्रों की शिक्षा के लिए क्षेत्र में एक बड़ी सामाजिक पहल की थी। बिमल रतूड़ी ने सभी छात्र-छात्राओं से अपने आसपास की घटनाओं को समझने और उनका हिस्सा बनने का आह्वान किया। कार्यक्रम में जीसी पाठक, एनके सेमवाल, समीर, आरती शर्मा, सुनीता उनियाल, अनीता नौटियाल, साकेत रावत, अपूर्व आनंद आदि मौजूद रहे।
--
आज हरेला में होगी साहित्य पर चर्चा
मंगलवार को मुंशी प्रेमचंद की जयंती पर धाद की ओर से साहित्य पर विमर्श कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। केंद्रीय विद्यालय सलावाला में शाम साढ़े चार बजे से होने वाली गोष्ठी में शहर के सभी प्रमुख साहित्यकार और बुद्धिजीवी प्रतिभाग करेंगे। धाद साहित्य एकांश की सचिव मंजू काला ने बताया की हर वर्ष हरेला के बहाने साहित्य विमर्श आयोजित किया जाता है। इस वर्ष का आयोजन प्रेमचंद के साहित्य पर आयोजित है। कार्यक्रम में वरिष्ठ कथाकार सुभाष पंत, जीतेंद्र ठाकुर, हम्माद फारुखी, इंद्रजीत सिंह, जगदीश बमोला समेत अन्य साहित्यकार शामिल होंगे। कार्यक्रम में कोई भी साहित्य प्रेमी शामिल हो सकता है।