बारिश बंद होने पर भी कई इलाकों में पानी की निकासी पूरी तरह नहीं होने से लोग परेशान हैं। प्रशासन की ओर से हटा दिए गए नदियों किनारे रहने वाले लोग घर पहुंचने लगे हैं। बारिश के जख्मों से इनके चेहरों पर दु:ख छाया है। मंगलवार को नगर निगम की टीम ने उन क्षेत्रों का दौरान किया जहां स्थिति ज्यादा खराब हुई थी।
इन क्षेत्रों में निर्माण कार्य और सुधार के लिए निगम अब कार्रवाई करने की तैयारी कर रहा है। रिस्पना और बिंदाल नदी किनारे से हटाए गए लोग अपने आशियानों की तरफ पहुंचे। यहां कई अपने क्षतिग्रस्त घर की मरम्मत करने में जुटे तो कई लोगों का घर बारिश में बह चुके थे। ऐसे लोग चेहरे पर दुख के भाव लिए रहने के लिए ठिकाना बनाने के लिए परेशान थे।
बढ़ रहा है रिस्पना का कटान
रिस्पना नदी के पानी के तेज बहाव के कारण डीएल रोड क्षेत्र स्थित अंबेडकर बस्ती में कटान बढ़ रही है। इससे लोगों को जानमाल का खतरा बढ़ रहा है। इस संबंध में वार्ड नंबर नौ की पार्षद ऊषा ने जिलाधिकारी को ज्ञापन देकर सुरक्षा के इंतजाम किए जाने की मांग की है। पार्षद ऊषा ने बताया कि पानी के तेज बहाव के कारण घरों की जड़ें खोखली हो रही हैं। इससे दीवारें कभी भी ढह सकती हैं। जिलाधिकारी बीवीआरसी पुरुषोत्तम ने विकासनगर, कालसी, सहिया आदि क्षेत्रों में दौरा करके स्थिति देखी।